ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चकिया के मां काली पोखरा में बुजुर्ग महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। चकिया स्थित प्रसिद्ध माँ काली जी पोखरा में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जब स्थानीय लोग पोखरे के आसपास पहुंचे तो उन्होंने पानी में एक महिला का शव उतराता देखा। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मृतका की शिनाख्त 60 वर्षीय मुलिया, पत्नी अंतु राम, निवासी ग्राम बोदारा कला, थाना चकिया, जनपद चंदौली के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुलिया पिछले करीब चार महीनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। इसके अलावा बीते लगभग दो महीनों से वह बोल भी नहीं पा रही थीं। उनका इलाज चल रहा था और परिवार लगातार उनकी देखभाल कर रहा था। किन परिस्थितियों में वह घर से निकलकर पोखरे तक पहुंचीं, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

 

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। प्रथम दृष्टया पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

 

थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि अभी तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है जिससे किसी विशेष कारण की पुष्टि की जा सके। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!