
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के सरया गांव में सोमवार दोपहर सांड के हमले में 71 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
सरया गांव निवासी 71 वर्षीय चंपा देवी, पत्नी स्वर्गीय राम नगीना यादव, सोमवार दोपहर अपने घर पर थीं। इसी दौरान एक सांड अचानक घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजन और आसपास के ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल भेज दिया।मृतका अपने पीछे चार पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

