ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सांप पकड़ने गए सपेरे को नाग ने दो बार डंसा, मौत, मचा कोहराम

छपरा गांव में घर से सांप निकालने के दौरान हुआ हादसा, सीएचसी सकलडीहा में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सराय बलुआ गांव में जहरीले सांप के डसने से एक सपेरे की मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार (37), पुत्र शिवपूजन, निवासी सराय बलुआ के रूप में हुई। वह छपरा गांव में एक घर से सांप निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान सांप ने उन्हें दो बार डस लिया। उपचार के लिए सीएचसी सकलडीहा ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

बीती रात छपरा गांव में एक घर में सांप निकलने की सूचना मिली थी। इसके बाद राकेश कुमार सांप को पकड़कर घर से बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंचे। वह सांप पकड़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी एक जहरीले सांप ने उन्हें दो बार डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।

 

आनन-फानन में परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए ले जाने की कोशिश की। बताया जाता है कि शुरुआत में उन्हें होम्योपैथिक दवा भी दी गई, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सकलडीहा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

लोगों की मदद के लिए हमेशा रहते थे तत्पर

ग्रामीणों के अनुसार, राकेश कुमार लंबे समय से सांप पकड़ने और घरों से सांप निकालने का काम करते थे। क्षेत्र में कहीं भी सांप निकलने की सूचना मिलने पर वह लोगों की मदद के लिए पहुंच जाते थे। उन्होंने कई परिवारों को जहरीले सांपों से बचाने में मदद की थी। दूसरों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले राकेश की मौत से ग्रामीण भी दुखी हैं।

 

घटना की सूचना मिलने पर सकलडीहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। राकेश की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!