पराली जलाने पर एक ही गांव के 16 किसानों के खिलाफ एफआईआर, किसानों में खलबली

गाजीपुर। पराली जलाने को लेकर प्रशासनिक अमला काफी सख्त है। सैटेलाइट से खेतों की निगरानी की जा रही है। पराली जलाए जाने संबंधी तस्वीर प्राप्त होते ही संबंधित किसान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करानेे के साथ ही जुर्माना वसूला जा रहा है। पूर्वांचल के सभी जनपदों में धान की कटाई शुरू है। पराली प्रबंधन नहीं होने से परेशान किसान फसल अवशेष जला दे रहे हैं। विभिन्न जनपदों में कई किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। इसी क्रम में रविवार को गाजीपुर जिले के पकड़ी गांव में 16 किसानों के खिलाफ पुलिस ने क्षेत्रीय लेखपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।
सैटेलाइट से जानकारी मिलने के बाद रविवार को क्षेत्रीय लेखपाल बृजकिशोर मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पता चला कि खेत कटने के बाद एक साथ 16 किसानों ने अपने खेतों की पराली जला दी। इसके बाद लेखपाल ने थाना पहुंचकर दोषी किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया।