
चंदौली। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। शुरुआती दो घंटे में चंदौली में स्नातक निर्वाचन के लिए 5.59 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन के लिए 12.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही जारी है। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदाताओं की पहचान की जांच और आवश्यक सत्यापन के बाद ही उन्हें मतदान केंद्रों के अंदर प्रवेश दिया जा रहा है।

34 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 34 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चुनाव में करीब 3.3 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 2.88 लाख और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 34,990 मतदाता शामिल हैं।

आठ जिलों में 369 मतदान केंद्र
वाराणसी खंड का निर्वाचन क्षेत्र आठ जिलों में फैला है। इसमें वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया शामिल हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए इन आठ जिलों में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 112 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 257 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 369 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मतदाता सत्यापन और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। अधिकारियों का जोर है कि प्रत्येक पात्र मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके और निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

