क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली में निर्माणाधीन पुलिस लाइन की सातवीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, मुआवजे और नौकरी की मांग पर धरना

सपा विधायक समेत परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठे, निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के भोजापुर स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सातवीं मंजिल से गिरकर 34 वर्षीय मजदूर अशोक राजभर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पहले स्टेट हाईवे और फिर पुलिस लाइन के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया गया। धरने में सपा विधायक भी शामिल हुए।

मृतक भोजापुर गांव का निवासी था। परिजनों के अनुसार, अशोक परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी गुड़िया देवी और चार बच्चे हैं। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों और ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल अशोक को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई, परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। धरने के दौरान प्रशासन और निर्माण एजेंसी के प्रति नाराजगी जताई गई। ग्रामीणों ने दावा किया कि पुलिस लाइन के निर्माण के दौरान इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं और यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सूचना मिलने पर सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति संभालने का प्रयास किया।

Back to top button
error: Content is protected !!