
चंदौली। बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली एवं शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अंतरराष्ट्रीय दबाव में फैसले ले रही है, जिसके कारण पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान, युवा और छात्र सरकार की नीतियों से सबसे अधिक प्रभावित हैं।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में वृद्धि से रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं महंगी हो गई हैं। उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है और युवा निराशा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है।
प्रदर्शन में बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, गंगा प्रसाद, राममूरत गुप्ता समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

