ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: दो दिन से लापता किशोर का शव कर्मनाशा नदी के किनारे मिला, जांच में जुटी पुलिस

संवाददाता: बाबू चौहान 

चंदौली। चकिया क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब मंगरौर गांव के पास कर्मनाशा नदी किनारे एक किशोर का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

मृतक की शिनाख्त बिहार के कैमूर जनपद के चांद थाना क्षेत्र निवासी 14 वर्षीय रामप्रवेश मौर्य के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार किशोर पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

 

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग रोजाना की तरह नदी किनारे शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के पास पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि शव एक किशोर का है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

 

ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर चकिया एसओ अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। परिजनों ने बताया कि रामप्रवेश को आखिरी बार मंगरौर स्थित हनुमान मंदिर के आसपास देखा गया था। इसके बाद से वह अचानक गायब हो गया था। सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!