fbpx
weatherचंदौली

Chandauli Weather : लगातार तीसरे दिन तापमान 46 डिग्री के पार, हीट वेव, गर्मी से जनजीवन और पशु-पक्षी बेजार, जानिये कब मिलेगी गर्मी से राहत

चंदौली। पिछले तीन दिनों से जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान लगातार 46 डिग्री के पार है। ऐसे में लोगों को न दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात में राहत। गुरुवार को भी तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से आसपास रहा। वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक हीट वेव का प्रकोप भी रहा। एक-दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट से वार्म नाइट की स्थिति समाप्त होने की उम्मीद है।

 

इस सप्ताह सोमवार तक तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। वहीं मंगलवार को तापमान में अचानक लगभग 6 डिग्री का इजाफा हुआ और 47 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। पारे के साथ ही हीट वेव ने भी अपना असर दिखाया। ऐसे में लोग गर्मी से बेहाल हो गए। बुधवार को भी तापमान 46 डिग्री से ऊपर रहा। गुरुवार की दोपहर भी तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो नौतपा (नौ दिन तक तपिश) में सूरज किरणें सीधी धरती पर पड़ रही हैं। इसकी वजह से गर्मी बढ़ी है। इसका नजीता यह है कि आसमान के साथ ही अब धरती भी आग उगल रही है। फिलहाल उमस भरी गर्मी और तपिश से राहत मिलने के आसार नहीं है। एक-दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में कमी आने से वार्म नाइट से निजात मिल सकती है। पूर्वांचल में 20 जून तक मानसून की दस्तक हो सकती है। इसके बाद बारिश का दौर शुरू हो सकता है। तब तक भीषण गर्मी की स्थिति बनी रह सकती है।

 

Back to top button