fbpx
चंदौलीचुनाव 2024

Loksabha Election 2024 : साइकिल की चेन उतर गई, कांग्रेस डायनासोर की तरह हो जाएगी विलुप्त, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गृहजनपद में की जनसभा, विपक्ष पर साधा निशाना

चंदौली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गृह जनपद में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने धानापुर के अमरवीर इंटर कालेज में जनसभा में चंदौली लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार डा. महेंद्रनाथ पांडेय के लिए समर्थन मांगा। वहीं शहाबगंज के गांधी स्मारक इंटर कालेज में जनसभा में रावर्ट्सगंज लोकसभा सीट से एनडीए के घटक दल अपना दल की प्रत्याशी रिंकी कोल के पक्ष में जनता का समर्थन मांगा।

गांधी स्मारक इंटर कालेज में अनोखे खाटी भोजपुरिया अंदाज में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर अग्रसर है। सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए चलाई जा रही तमाम योजनाएं लोगों को फायदा पहुंचा रही हैं।  भविष्य में भी यह योजनाएं जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की साइकिल की चेन उतर गई और भविष्य में कांग्रेस भी डायनासोर की तरह देश से विलुप्त हो जाएगी। उन्होंने कोरोना महामारी के समय भारत में वैक्सीन निर्माण को उपलब्धि बताते हुए देश के वैज्ञानिकों की सराहना की। रूस यूक्रेन युद्ध की चर्चा करते हुए भारत के नागरिकों को निकालने के लिए दोनों देशों की ओर से एकाएक किए गए युद्ध विराम को भी भारत का प्रभाव बताया। लोगों से सरकारी योजनाओं के लाभ की सच्चाई पूछी। वहीं रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट से अपना दल की प्रत्याशी रिकी कोल के लिए जनसमर्थन मांगा। जनता ने विशाल जनसभा ने तालियां बजाकर जवाब दिया। इसके बाद धानापुर में जनसभा में राजनाथ ने कहा कि पहले भारत का प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय मंच पर कुछ बोलता था तो विदेश में ध्यान नहीं दिया जाता था। अब उसकी बात कान खोलकर सुनी जाती है। अर्थव्यवस्था के मामले में देश 11 वें स्थान से 5 वें स्थान पर पहुंच गया है। दुनिया अब कहने लगी है कि भारत विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था वाला देश है। कोरोना का संकट से पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई, लेकिन प्रधानमंत्री की सूझबूझ से यहां उतना फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने कांग्रेस पर इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाते हुए आड़े हांथों लिया। वहीं इंडिया गठबंधन को देश को तोड़ने वाला बताया।

 

सभा को राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह व साधना सिंह, विधायक सैयदराजा सुशील सिंह,विधायक मुगलसराय रमेश जायसवाल,अजगरा विधायक टी राम,विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह,लोकसभा प्रभारी ओमकार केशरी, चंदौली प्रभारी अनामिका चौधरी व जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया।

Back to top button