चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: सर्पदंश से 13 वर्षीय किशोरी की मौत, पुलिस की देरी पर उठे सवाल

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के डेरवा खुर्द गांव में शनिवार सुबह सर्पदंश से 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, अस्पताल में शव घंटों पड़े रहने के बावजूद पुलिस के समय पर नहीं पहुंचने से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।

मजदूर मुन्ना राम की 13 वर्षीय पुत्री राधिका शनिवार सुबह करीब छह बजे छत से नीचे उतरी थी। इसी दौरान घर के कच्चे फर्श में बने बिल से निकले जहरीले सांप ने उसकी अंगुली में डंस लिया। परिजन उसे तत्काल चहनिया अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

राधिका परिषदीय विद्यालय में कक्षा सात की छात्रा थी। उसकी मां इंदू देवी का वर्ष 2020 में निधन हो चुका है। परिजनों का आरोप है कि वर्ष 2018 में स्वीकृत आवास का फर्श आज तक पक्का नहीं बनाया गया, जिसके कारण कच्चे फर्श में बने बिल में सांप छिपा हुआ था। उनका कहना है कि यदि आवास का निर्माण पूरा हुआ होता तो शायद यह हादसा टल सकता था।

घटना के बाद सुबह सात बजे से शव सकलडीहा सीएचसी में रखा रहा, लेकिन करीब तीन घंटे तक बलुआ पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।

बलुआ थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!