चंदौली। मुगलसराय तहसील और कोतवाली का नाम बदलकर भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर होगा। इसके लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शासन उनके प्रस्ताव पर गंभीरता के साथ विचार करते हुए नाम परिवर्तन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करेगा। मुगलसराय के साथ गहरा जुड़ाव रखने वाले एकात्म मानवतावाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के लिए यह सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने मुगलसराय तहसील और कोतवाली का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर किए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि नगर और रेलवे जंक्शन का नाम पहले ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर किया जा चुका है, लेकिन तहसील और कोतवाली अब भी पुराने नाम से संचालित हो रही हैं। इसे बदलने की आवश्यकता है।
डॉ. पांडेय ने कहा कि इस संबंध में वह जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर तहसील और कोतवाली का नाम भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर किए जाने का अनुरोध करेंगे। उनका कहना है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय देश के महान विचारक, संगठनकर्ता और एकात्म मानववाद के प्रणेता थे। उनका गहरा जुड़ाव मुगलसराय से रहा। उनके योगदान को देखते हुए क्षेत्र की प्रमुख प्रशासनिक इकाइयों का नाम भी उनके नाम पर होना चाहिए।
डॉ. पांडेय ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करेंगे। उनके अनुसार, तहसील और कोतवाली का नाम परिवर्तन पंडित दीनदयाल उपाध्याय के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और क्षेत्र की पहचान को भी एकरूपता मिलेगी।

