
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के गरला गांव के समीप पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पांच तस्करों को पकड़ा। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
शनिवार की भोर में पुलिस टीम को बमरोहा नाका गांव निवासी ग्रामीण ने फोनकर सूचित किया कि तस्कर कुछ मवेशियों को नीले रंग की मैजिक वाहन में लादकर उनके गांव की तरफ आए थे, लेकिन ग्रामीणों के जग जाने की वजह से भाग गए। इस पर चकिया पुलिस और एसओजी टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने घेरेबंदी करते हुए मैजिक वाहन का पीछा किया। गरला गांव के समीप खुद को घिरता देख तस्कर वाहन से कूदकर भागने लगे। इसमें एक तस्कर ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
पहले से मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने खुद का बचाव करते हुए चार तस्करों को धर-दबोचा। वहीं फायरिंग करते हुए भाग रहा उनका साथी भी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

