
चंदौली। जनपद में चल रही सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने मूसा खाड़ बांध प्रखंड में निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्य धीमी गति से चलता मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदारों को तत्काल काम तेज करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने भूपौली मुख्य नहर के किमी 0.280 से किमी 6.030 तथा किमी 6.506 से किमी 7.940 के बीच चल रहे सीसी लाइनिंग कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर कार्य पूरी तरह बंद मिला। इस पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब किया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि नहर के बेड की लाइनिंग का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन ढलान की लाइनिंग का काम शेष है, जो पिछले दो महीनों से बंद पड़ा है।

इस पर सीडीओ ने अधिशासी अभियंता और संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि कार्य तत्काल शुरू कराया जाए और निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही मूसा खाड़ बांध प्रखंड के अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों को संयुक्त रूप से प्रतिदिन स्थल निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बढ़वल राजवाहा परियोजना के अंतर्गत किमी 0.000 से किमी 17.000 तक नहर के आंतरिक और बाहरी हिस्सों में मिट्टी एवं पक्के कार्यों की बहाली तथा नहरी भूमि सीमांकन कार्य की भी समीक्षा की गई। यहां भी कार्य की गति धीमी पाए जाने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराए जाएं, ताकि समय रहते नहर में पानी छोड़ा जा सके और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के समय अधिशासी अभियंता रविशंकर मिश्रा, सहायक अभियंता अनुराग सिंह और रामचंद्र सिंह के साथ जूनियर इंजीनियर इंद्र बहादुर सिंह यादव, प्रदीप कुमार तथा राजेश सिंह सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

