चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल में समर कैंप शुरू, पहले दिन बच्चों ने मचाया धमाल

चंदौली। जनपद के बिशुनपुरा कांटा स्थित डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल में आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप का भव्य शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। समर कैंप के पहले ही दिन विद्यालय परिसर बच्चों की खिलखिलाहट, रंग-बिरंगी गतिविधियों और रचनात्मक माहौल से पूरी तरह गुलजार नजर आया।

सुबह से ही बच्चों में कैंप को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे योग सत्र से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद डांस, जंपिंग, मिकी माउस एक्टिविटी, कैमल राइड थीम, टाई नॉट प्रतियोगिता और मूवी शो जैसी कई मनोरंजक व शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

छोटे बच्चों ने डांस और जंपिंग एक्टिविटी में जमकर मस्ती की। नन्हे-मुन्नों की ऊर्जा और मुस्कान पूरे कैंप का आकर्षण बनी रही। वहीं कक्षा 4 से 6 तक के विद्यार्थियों के लिए “मिकी माउस” और “जंपिंग” एक्टिविटी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कक्षा 7 और 8 के छात्रों ने “कैमल एक्टिविटी” में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित मूवी सेशन ने मनोरंजन के साथ-साथ टीम भावना और जीवन मूल्यों का संदेश भी दिया।

समर कैंप में शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। शिक्षक केवल आयोजक की भूमिका में ही नहीं दिखे बल्कि बच्चों के साथ नृत्य करते, खेलते और उनका उत्साह बढ़ाते भी नजर आए। इससे पूरे विद्यालय का माहौल पारिवारिक और आनंदमय बन गया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, समर कैंप बच्चों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम होता है। इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और रचनात्मक सोच विकसित करने में सहायक होती हैं। पढ़ाई के दबाव से अलग ऐसे आयोजन बच्चों को नई ऊर्जा और सकारात्मक अनुभव प्रदान करते हैं।

विद्यालय की एक खास पहचान यह भी है कि यहां देश के विभिन्न राज्यों से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। हॉस्टल और स्कूल का वातावरण “मिनी इंडिया” की झलक प्रस्तुत करता है, जहां अलग-अलग संस्कृतियों और परंपराओं के बच्चे साथ रहकर आपसी समझ और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!