
चंदौली। धानापुर क्षेत्र के बुद्धपुर गांव के समीप गंगा में डूबे युवक मंगल यादव का 24 घंटे बाद भी पता नहीं चलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार को बुद्धपुर और आसपास के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान मनोज उपाध्याय के नेतृत्व में धानापुर-चहनिया मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सकलडीहा के उपजिलाधिकारी समेत उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार और प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे।
ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के बाद से एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार गंगा में तलाश अभियान चला रही है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली। टीम द्वारा असमर्थता जताने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी प्रयास किए जाते तो शायद युवक का पता चल सकता था।

बताया गया कि यह घटना सोमवार सुबह की है। बुद्धपुर गांव निवासी 18 वर्षीय मंगल यादव पुत्र किशुनदेव यादव अपने तीन साथियों के साथ भैंस लेकर गंगा नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान सभी युवक तैरते हुए नदी पार करने लगे। इसी बीच वे तेज धारा की चपेट में आ गए। कुछ देर बाद मंगल गहरे पानी में डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण गंगा घाट पर पहुंच गए थे। पुलिस ने तत्काल नाव और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। बाद में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, लेकिन मंगलवार दोपहर तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

