
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रेलवे चौकी अंतर्गत आरपीएफ कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 16/10 में हौसलबुलंद चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर करीब तीन लाख रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना से रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार डीडीयू रेलवे स्टेशन स्थित एसआईबी पोस्ट पर तैनात इंस्पेक्टर संदीप जायसवाल दो दिन पहले परिवार के साथ नौगढ़ के मझगाईं गांव स्थित अपने घर गए थे। मकान बंद होने का फायदा उठाकर चोर रात में पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने कमरों को खंगालने के साथ अलमारी तोड़ दी और उसमें रखे आभूषण व नकदी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। चोर घर से टीवी, गैस सिलेंडर सहित अन्य घरेलू सामान भी उठा ले गए।

बताया जा रहा है कि अलमारी में दो अंगूठियां, एक सिकड़ी और करीब 10 हजार रुपये नकद रखे थे। घटना में करीब तीन लाख रुपये के सामान की चोरी होने का अनुमान है। बुधवार सुबह पड़ोसी की नजर मकान के पीछे खुले दरवाजे पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी संदीप जायसवाल को दी। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी मिली। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
आरपीएफ कॉलोनी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में अधिकारी के आवास में चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार आसपास संदिग्ध गतिविधियां भी देखी गई थीं। लोगों ने कॉलोनी में नियमित निगरानी और गश्त व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

