
चंदौली। ककरहटी (मोहरगंज) स्थित करीब 30 वर्ष पुराने आदिशक्ति मां दुर्गा मंदिर में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा से चांदी का मुकुट समेत मंदिर में लगे घंटे-घड़ियाल और अन्य सामान चोरी कर ले गए। धार्मिक स्थल में हुई चोरी की जानकारी बुधवार सुबह होने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
बताया गया कि सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो वहां सामान अस्त-व्यस्त मिला और मां दुर्गा की प्रतिमा से चांदी का मुकुट गायब था। मंदिर में लगे घंटे-घड़ियाल भी नहीं मिले। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने से लोगों में पहले से ही भय का माहौल है। अब धार्मिक स्थल को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं में भी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में चोरी केवल सामान की चोरी नहीं, बल्कि लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला है।
ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से घटना की गंभीरता से जांच कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और मंदिरों समेत अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने और क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की मांग की।

