ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: रक्षाबंधन पर बढ़ी मिलावटखोरी, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी में 50 किलो नकली खोवा नष्ट कराया, कार्रवाई से मची खलबली

चंदौली। आगामी रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में सघन अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी चंदौली के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को विभागीय टीम ने धानापुर क्षेत्र में कार्रवाई की।

 

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धानापुर कस्बे के समीप अतौली गांव में छापेमारी की। टीम को मौके पर पाउडर से खोया तैयार किए जाने की जानकारी मिली थी। निरीक्षण के दौरान तैयार किए जा रहे खोया का नमूना संकलित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।

 

कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 50 किलोग्राम खोया बरामद किया गया। प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए गए इस खोया को विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट करा दिया गया। नष्ट किए गए खोया की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान खोया, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थ बाजार में खपाने का प्रयास करते हैं। विभाग द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। जनपद में नकली एवं मिलावटी खोया तैयार करने वालों से संबंधित सूचनाएं भी एकत्रित की जा रही हैं।

 

अधिकारियों ने बताया कि बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता पर भी विभाग की नजर है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे नकली चांदी वर्क लगी तथा अत्यधिक रंगीन मिठाइयों की खरीदारी से बचें और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहें। विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि जनपद में कहीं नकली या मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री अथवा निर्माण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग के मोबाइल नंबर 8887890254 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार भी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!