ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पत्नी के ननिहाल में छत से गिरकर युवक की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव में पत्नी के ननिहाल आए युवक की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

अलीनगर थाना क्षेत्र के बेदवापार (सरने) गांव निवासी गुड्डू बिंद (38) पुत्र सुमेर बिंद शुक्रवार शाम अपनी पत्नी के साथ चकिया थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव स्थित उसके ननिहाल आए थे। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समय बिताने के बाद रात में वह मकान की छत पर सोने चले गए। बताया जा रहा है कि देर रात किसी समय उनका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह छत से नीचे जा गिरे।

 

गिरने की आवाज सुनकर घर के लोग मौके पर पहुंचे तो गुड्डू बिंद गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चकिया लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की सूचना के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

 

सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुड्डू बिंद अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!