
चंदौली।
चकिया-चंदौली मार्ग पर रविवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा थाना क्षेत्र के बोदारा कला पुल के समीप शाम करीब 7:30 बजे हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई और शव के कई हिस्से सड़क पर बिखर गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की शिनाख्त चंद्रमा (27 वर्ष) पुत्र बिहारी निवासी ग्राम नरसिंहपुर कला, थाना शहाबगंज के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार चंद्रमा अपनी काले रंग की HF डीलक्स बाइक (UP 67 AN 9066) से चकिया-चंदौली मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और रौंदते हुए फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना दर्दनाक था कि सड़क पर शव के टुकड़े बिखर गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रमा की हाल ही में शादी हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
ग्रामीणों के अनुसार परिवार पहले भी सड़क हादसे का दर्द झेल चुका है। चंद्रमा के एक भाई की पूर्व में सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। अब इस हादसे के बाद परिवार में केवल एक भाई बचा है। लगातार दूसरी बार सड़क हादसे में बेटे को खोने से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
थाना अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है।

