ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, बिजली विभाग कार्यालय का किया घेराव

चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के वार्ड नंबर-3 स्थित पासवान बस्ती और नई बस्ती आवास की महिलाओं ने मंगलवार को स्मार्ट मीटर के विरोध में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब 100 की संख्या में पहुंची महिलाओं ने “पुराना मीटर लगाओ, बढ़ा हुआ बिजली बिल माफ करो” के नारे लगाए और विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से बिजली बिल में अचानक भारी बढ़ोतरी हो गई है, जिससे गरीब और मजदूर परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

 

महिलाओं ने कहा कि वे दिहाड़ी मजदूरी, झाड़ू-पोछा और घरों में बर्तन धोकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। ऐसे में हर महीने हजारों रुपये का बिजली बिल भरना उनके लिए संभव नहीं है। उनका कहना था कि पहले जहां सामान्य बिल आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल कई गुना बढ़ गया है। इसके कारण कई परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी परेशानी हो रही है।

 

आसरा आवास की निवासी संगीता गिरी ने बताया कि बढ़ते बिजली बिल के कारण घर का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और बीच महीने में ही बिल की राशि बढ़ जाती है। उनका कहना था कि गरीब परिवार इतने पैसे कहां से लाएं। उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने और पुराने बकाया बिल को माफ करने की मांग की।

 

वार्ड नंबर-3 आलू मील नई बस्ती की निवासी सासो ने भी स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मजदूरी कर परिवार चलाने वाले लोगों के लिए इतना अधिक बिजली बिल जमा करना असंभव है। महिलाओं का आरोप था कि बिल जमा न होने पर बिजली काटने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

आश्रय आवास योजना की लाभार्थी गीता ने कहा कि स्मार्ट मीटर के कारण लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि कई परिवार आर्थिक तंगी के कारण समय पर बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते उनके घरों की बिजली काट दी जा रही है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

 

वहीं मामले में अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदला जा रहा है। अब उपभोक्ताओं को हर महीने एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजा जाएगा, जिसे तय समय सीमा के भीतर जमा किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि पुराने बकाये के भुगतान के लिए सरकार ने 10 किस्तों की सुविधा भी दी है।

 

अधीक्षण अभियंता ने कहा कि स्मार्ट मीटरों की कई बार जांच कराई जा चुकी है और अब तक मीटर तेज चलने की शिकायत सही नहीं पाई गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि किसी को अधिक बिल की शिकायत है तो वह विभागीय कार्यालय में संपर्क कर सकता है। साथ ही 15 तारीख से विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां बिल, मीटर और लोड से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

 

प्रदर्शन में श्रवण खरवार, कांटा पासवान, विजय सिंह चौहान, महेंद्र यादव, राम सिंह चौहान, आकाश चौहान, मधुबाला सिंह, संगीता गिरी, गीता, पुष्पा देवी, पूनम देवी, माया देवी, शबनम बेगम, पिंटू साहू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!