ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पति की हत्या कराने वाली पत्नी प्रेमी संग धरायी, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सनसनीखेज वारदात का किया खुलासा

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा नहर पुलिया के पास मिले युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पूर्व नियोजित साजिश के तहत कराई थी। मामले में पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू, बाइक, खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।

 

पुलिस के अनुसार 25 जून को महेवा गौरी माइनर के पास पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का गला रेतकर हत्या किए जाने के बाद शव मिलने की सूचना पर मामला दर्ज किया गया। बाद में शव की पहचान महादेवपुर निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई। मृतक के भाई रमेश ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि राजेश की पत्नी उर्मिला देवी के लखमीपुर निवासी राहुल शर्मा से प्रेम संबंध थे, जिसका राजेश विरोध करता था। इसी कारण तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

 

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल दो आरोपी बिहार भागने की फिराक में हैं। रेवसा अंडरपास के पास घेराबंदी कर पुलिस ने जितेंद्र शर्मा उर्फ राहुल और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू, घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े, दो मोबाइल फोन, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी उर्मिला देवी को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 24 जून को उर्मिला देवी ने अपने पति को जमीन दिखाने के बहाने राहुल के साथ भेजा। दिनभर विभिन्न स्थानों पर घूमने के दौरान राजेश को शराब पिलाई गई। देर शाम नशे की हालत में उसे महेवा नहर पुलिया के पास ले जाकर विनोद पाल ने पकड़ लिया, जबकि राहुल ने चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया और आरोपी फरार हो गए।

 

पुलिस के अनुसार अगले दिन शव मिलने और जांच तेज होने पर आरोपी साक्ष्य नष्ट कर बिहार भागने की तैयारी में थे, लेकिन अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!