ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अब बिना सूचना दूर-दराज के स्कूलों में पहुंचेगी अधिकारियों की टीम, होगी औचक जांच, लापरवाही पर नपेंगे शिक्षक

चंदौली में शिक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित, लापरवाही और गैरहाजिरी पर होगी कार्रवाई

चंदौली। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की अब बिना पूर्व सूचना औचक जांच होगी। अधिकारियों की विशेष टीमें दूर-दराज के स्कूलों में अचानक पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी और जांच रिपोर्ट तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराएंगी। सोमवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में हुई जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया गया।

 

अचानक स्कूलों में पहुंचेगी विशेष टीम

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूलों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए नियमित निरीक्षण के साथ विशेष टीमों के माध्यम से औचक जांच कराई जाए। टीमों को खासतौर पर दूर-दराज के विद्यालयों में भेजा जाएगा। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य, बच्चों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन और विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी जाएगी। जांच में सामने आने वाली कमियों की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

अनुपस्थित शिक्षकों पर होगी कार्रवाई

मुख्य विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने अथवा अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

बच्चों की उपस्थिति और एमडीएम पर जोर

बैठक में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में सुधार, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शेष मूलभूत अवस्थापना कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

 

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की हिदायत

सीडीओ ने निर्माण कार्यों से संबंधित टेंडर प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी कराने को कहा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और गुणवत्ता प्रत्येक निर्माण कार्य की प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

कस्तूरबा विद्यालयों में सुरक्षा पर विशेष जोर

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी और अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही डीबीटी के तहत छात्रवृत्ति और ड्रेस की राशि के हस्तांतरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने शिक्षा विभाग की योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी, अपर पंचायत राज अधिकारी और अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!