
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के धपरी गांव में दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की। इसमें तीन लोगों को चोटें आई हैं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं घटना की छानबीन और अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
गांव निवासी अभिषेक जायसवाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता ज्ञानचंद आठ जुलाई की शाम मुगलसराय से घर आ रहे थे। उसी दौरान गांव के सिवान में दबंग उनसे उलझ गए। उनके साथ गालीगलौज के साथ मारपीट की। हो-हल्ला सुनकर अभिषेक मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी गालीगलौज और मारपीट की गई। किसी तरह जान बचाकर वहां से घर भागे। दबंग उनका पीछा करते हुए घर पहुंच गए और घर में घुसकर अभिषेक उनके पिता और भतीजे निखिल के साथ मारपीट की। इससे ज्ञानचंद को पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर उत्तम सिंह, प्रवीण सिंह, गौतम सिंह, बृजेश सिंह, मनीष और छोटू सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

