
चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की संसदीय समिति की बैठक शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मंडल क्षेत्राधिकार के सांसदों ने भाग लेते हुए रेल विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव दिए। बैठक की अध्यक्षता पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने की।
बैठक के दौरान सांसदों ने रेल यात्रियों की सुविधाओं में और सुधार, नई परियोजनाओं को गति देने तथा लंबित आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही भविष्य की विकास योजनाओं और रेलवे सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सभी सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि संसदीय समिति की बैठक रेलवे और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से मिलने वाले सुझाव रेलवे की सेवाओं को और अधिक जनोन्मुखी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
महाप्रबंधक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान डीडीयू मंडल की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि इस अवधि में मंडल ने 92 हजार से अधिक यात्री ट्रेनों का सफल संचालन किया। परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में डीडीयू-मानपुर रेलखंड पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफल ट्रायल किया गया। इसके अलावा 4.5 किलोमीटर लंबी ‘रुद्रास्त्र’ मालगाड़ी का सफल संचालन भी मंडल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहा।

उन्होंने बताया कि वैगन रखरखाव के क्षेत्र में दिसंबर माह के दौरान 905 वैगनों की रूटीन ओवरहॉलिंग कर भारतीय रेल में सर्वाधिक मासिक रिकॉर्ड स्थापित किया गया, जिससे मालगाड़ियों की उपलब्धता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वहीं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीडीयू मंडल के 15 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य तेजी से चल रहा है। गया स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त आधुनिक स्टेशन के रूप में विकसित करने का कार्य भी तेज गति से प्रगति पर है।
बैठक के समापन पर महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसदों द्वारा दिए गए सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुझावों के आधार पर भविष्य की रेल विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
बैठक में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, काराकाट के सांसद राजा राम सिंह, आरा के सांसद सुदामा प्रसाद, सासाराम के सांसद मनोज कुमार, औरंगाबाद के सांसद अभय कुमार सिन्हा तथा राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने भाग लिया। वहीं केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री तथा गया के सांसद जीतन राम मांझी, बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह और राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह के प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित रहे।

