
चंदौली। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित निःशुल्क किट्स वितरण योजना के तहत मोटराइज्ड दोना मेकिंग मशीन एवं आधुनिक पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन के लिए लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र आवेदकों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गिरजा प्रसाद ने बताया कि योजना के अंतर्गत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 14 जुलाई 2026 को सुबह 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार गंगा रोड स्थित रामजी कटरा, जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, चंदौली में होगा।
उन्होंने बताया कि जिन आवेदकों ने पहले से आवेदन किया है, उन्हें निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। साक्षात्कार के दौरान दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा, जिसके आधार पर पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
विभाग की ओर से अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र तथा राशन कार्ड साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अधूरे दस्तावेज या निर्धारित समय पर अनुपस्थित रहने वाले आवेदकों के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले साक्षात्कार स्थल पर पहुंचने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके। उन्होंने कहा कि निःशुल्क किट्स वितरण योजना का उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा देना और युवाओं व जरूरतमंदों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

