
चंदौली। जिले के कमालपुर क्षेत्र में रविवार को क्षेत्रीय विधायक सुशील सिंह ने सिसौड़ा-जिगना संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क की लंबाई लगभग दो किलोमीटर होगी। सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से क्षेत्रीय ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी, जिसके पूरा होने पर लोगों में खुशी का माहौल है।
यह संपर्क मार्ग बनने से सिसौड़ा, अवही, जिगना बघरी, तंबागढ़ सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। खासतौर पर बरसात के दिनों में ग्रामीणों को कीचड़ और खराब रास्तों के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क बनने के बाद अब लोगों को इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि उनकी कोशिश है कि विधानसभा के हर गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, सुशील सिंह जनौली, जयप्रकाश सिंह, धनंजय सिंह, रामजन्म गोंड, उमाशंकर तिवारी और अमरनाथ बिंद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र तिवारी ने की, जबकि संचालन रामजी तिवारी ने किया।

