
चंदौली। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार को चंदौली पहुंचे। इस दौरान जगह जगह उनका स्वागत किया गया। धानापुर में उन्होंने एक धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने देश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान के कारण ही देश सुरक्षित और स्वतंत्र है तथा देशवासियों को उनके योगदान को सदैव याद रखना चाहिए।
अपने संबोधन में शंकराचार्य ने समाज, संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने गौ हत्या के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। इसलिए पूरे देश में गौ हत्या पर सख्त और पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से इस दिशा में प्रभावी और ठोस कदम उठाने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि भारतीय समाज को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए सजग रहना होगा। साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में मौजूद सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी शंकराचार्य के विचारों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गाय को मां का दर्जा प्राप्त है और सभी सनातनी मिलकर गौ माता को “राष्ट्रीय माता” घोषित कराने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार स्वयं को सनातन हितों की सरकार मानती है, तो गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने में विलंब नहीं होना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वैभव त्रिपाठी ने की। उन्होंने भी गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित किए जाने की मांग दोहराई। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने शंकराचार्य के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान आशु तिवारी, शिवम दुबे, शिवम मिश्रा, हिमांशु दुबे, शिवम श्रीवास्तव, रवि तिवारी और आलोक पांडे सहित कई लोग मौजूद रहे।
स्वामी जी ने गौ रक्षा की दिलाई शपथ, गर्म जोशी से हुआ स्वागत
ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा निकाली गई गोविष्टि यात्रा रविवार की दोपहर अलीनगर बाईपास स्थित गुल्ली राम पांडेय पोखरा पर यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान स्वामी ने सभी को गौ रक्षा की शपथ दिलाई। स्वागत में विनोद कुमार पांडेय; अभिषेक मिश्रा; सदाफल पटेल; शुभम पांडेय, सुभाष यादव; रामाश्रय यादव, सुमित पांडेय, गौरव पांडेय, सत्यम पांडेय, श्याम किशोर पांडेय आदि मौजूद रहे।

