ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: शहीद स्मारक को भगवा रंग से रंगने का कांग्रेस ने किया विरोध, डीएम को सौंपा ज्ञापन

चंदौली। सैयदराजा स्थित शहीद स्मारक परिसर को नारंगी रंग से रंगे जाने के विरोध में बुधवार को शहीद स्मारक समिति और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेसजनों ने स्मारक परिसर को तिरंगे के रंग में रंगने की मांग की।

 

जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि सैयदराजा शहीद स्मारक परिसर को नारंगी रंग से रंगा जाना स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से स्मारक को भगवा रंग में रंगने का प्रयास किया जा रहा है, जो शहीदों की भावनाओं के अनुरूप नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। ऐसे में शहीद स्मारक को तिरंगे के अनुरूप रंग दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।

 

अरुण द्विवेदी ने चेतावनी दी कि यदि सैयदराजा शहीद स्मारक परिसर को तिरंगे के रंग में नहीं रंगा गया तो शहीद स्मारक समिति और कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, गंगा प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, राजू कुमार, रामौतार यादव, राकेश सिंह, शिवेंद्र मिश्रा, अमरदेव राम और संतोष चौबे समेत कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!