
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं, बुनियादी सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के प्रवेश मार्ग, जो लोक निर्माण विभाग के लंका-अलीनगर मार्ग से जुड़ा है, को चौड़ा करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि मार्ग चौड़ीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि औद्योगिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
ग्राम डाबरिया, धानपुर में स्थापित हो रहे सीबीजी प्लांट के लिए लगभग दो किलोमीटर सड़क निर्माण की आवश्यकता भी बैठक में रखी गई। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है और जल्द ही इसे पूर्ण कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों को आकर्षक, सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में ‘निवेश मित्र’ पोर्टल पर लंबित प्रकरणों तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन योजनाओं के आवेदनों को किसी भी स्थिति में लंबित न रखा जाए और नियमानुसार समयबद्ध ढंग से निस्तारित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि औद्योगिक इकाइयों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और निवेश व निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत, रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यमीगण तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

