ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: एनसीसी कैडेट्स ने मनाई ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ, देशभक्ति से गूंजा नगर पालिका इंटर कॉलेज

चंदौली। नगर पालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को एनसीसी कैडेटों द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” की वर्षगांठ हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में कैडेटों को देश सेवा और राष्ट्र रक्षा के प्रति जागरूक करते हुए भारतीय सेना के साहस और पराक्रम की जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार सिंह ने कैडेटों को देश रक्षा की शपथ दिलाकर की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना का एक साहसिक और ऐतिहासिक अभियान था, जिसके तहत पाकिस्तान में संचालित आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाकर नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले में देश के 26 नागरिकों की निर्मम हत्या के विरोध में यह अभियान चलाया गया था। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा का प्रतीक है।

 

विद्यालय के उप प्रधानाचार्य संजय श्रीवास्तव ने भी छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने आधुनिक सैन्य तकनीकों और ब्रह्मोस मिसाइल जैसे अत्याधुनिक हथियारों के प्रयोग की जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना ने सटीक रणनीति और तकनीकी क्षमता के बल पर दुश्मनों के ठिकानों को ध्वस्त किया।

 

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को वीडियो क्लिप के माध्यम से ऑपरेशन सिंदूर की पूरी जानकारी दिखाई गई। वहीं बटालियन के सूबेदार मेजर चंद्रशेखर यादव ने अभियान की रणनीति, सैनिकों के उपकरण, चुनौतियों और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। कैडेटों ने भी विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण मयंक मोहन सिंह, मुकेश कुमार चौबे, डॉ. दिनेश कुमार, राजेश यादव, विकास केसरी, गोपाल श्रीवास्तव, मृत्युंजय पांडे, आनंद तिवारी सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार त्रिपाठी ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Back to top button
error: Content is protected !!