
चंदौली। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे युवाओं को पंजीकरण का अवसर मिलेगा। इसके लिए जिले के सभी मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता पंजीकरण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
हर मतदान केंद्र पर बनेगी हेल्प डेस्क
विशेष शिविरों के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। यहां तैनात कर्मचारी और बीएलओ मतदाताओं को फार्म-6 भरने तथा पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता प्रदान करेंगे। आवेदन के साथ आवेदकों को नवीनतम फोटो के अलावा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे। शिविरों में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे आगे की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सके।
प्रचार-प्रसार और निगरानी की रहेगी व्यवस्था
मतदाता पंजीकरण अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। शिविरों के संचालन और व्यवस्थाओं की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
डीएम ने की पात्र नागरिकों से अपील
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 और 24 अक्टूबर को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि सूची में नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें। विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवा इस अवसर का लाभ उठाएं।
