ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मद्धूपुर वृद्धाश्रम पहुंचे प्रभारी मंत्री, बुजुर्गों से बातकर परखी व्यवस्थाएं, बांटा फल

चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री और चंदौली के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान मद्धूपुर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे मंत्री ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को फल भी वितरित किए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने आश्रम परिसर में साफ-सफाई, बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। मंत्री ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया और उनकी परेशानियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

 

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कागजी रिपोर्ट तक सीमित न रहें, बल्कि समय-समय पर स्वयं वृद्धाश्रम का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित अंतराल पर आश्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि वृद्धाश्रम में नियमित रूप से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कराए जाएं और बुजुर्गों का समय-समय पर चिकित्सकीय परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता के अनुसार उन्हें उपचार और दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

 

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। सरकार वृद्धजनों के कल्याण और उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आश्रम में भोजन, आवास, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

मंत्री ने विशेष रूप से पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा आश्रम परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर तत्काल उसका समाधान कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधिगण, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री के औचक निरीक्षण से आश्रम की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों में भी सक्रियता दिखाई दी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!