
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने निर्माणाधीन परियोजना से लोहे की रिंग और सरिया चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 477 छोटी-बड़ी लोहे की रिंग और सात लोहे की छड़ बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कीमत हजारों रुपये है और इसे कबाड़ी को बेचने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, भटपुरवा निवासी आद्या प्रसाद पांडेय ने मुगलसराय थाने में तहरीर देकर बताया था कि कटेसर स्थित गणपति इन्फ्राटेक की निर्माणाधीन साइट से करीब एक महीने से लोहे की रिंग, सरिया और अन्य सामान चोरी हो रहा था। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम चोरी की घटना के खुलासे के लिए जांच और संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान 20 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि कटेसर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों में चोरी का लोहे का सामान छिपाकर एक युवक उसे कबाड़ी को बेचने की फिराक में है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान खुर्शीद आलम (22) निवासी गोपालापुर (हमीदपुर), थाना मुगलसराय के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने निर्माणाधीन साइट से रात के समय कई बार लोहे की रिंग और छड़ चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी का सामान पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा था और उसे बेचने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक रविंद्र नाथ यादव, हेड कांस्टेबल रितेश सिंह और रिक्रूट आरक्षी अभिषेक मौर्या शामिल रहे।

