fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : प्रभारी मंत्री पहुंचे चंदौली, भाजपा सरकार के आठ साल पूरे होने पर तीन दिवसीय समारोह का किया शुभारंभ, बोले, सरकार ने किए जनहित के कई ऐतिहासिक कार्य

चंदौली। प्रदेश सरकार की “सेवा, सुरक्षा व सुशासन” नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन डीपीआरसी, नियमताबाद में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उलब्धियां गिनाईं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले आठ वर्षों में जनहित में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के कारण गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को विकास का लाभ मिल रहा है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जानकारी और सहायता स्टॉलों का अवलोकन किया और लाभार्थियों से संवाद किया। इसके अलावा, प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना, उद्योग विभाग, चिकित्सा विभाग, समाज कल्याण एवं प्रोबेशन विभाग के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीबों, किसानों और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, और इसी उद्देश्य से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि चंदौली जिले का विकास अभूतपूर्व गति से हो रहा है। उन्होंने बताया कि 2017 में जिले का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) मात्र 7,443 करोड़ रुपये था, जो 2023 में बढ़कर 14,998 करोड़ रुपये हो गया। यह सरकार की योजनाओं और जनहितकारी नीतियों का परिणाम है। चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की तर्ज पर सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक को पहुंचाने के लिए प्रशासन सतत प्रयास कर रहा है।

जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने कहा कि किसानों, मजदूरों और गरीबों के उत्थान के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2,70,099 किसानों को 718 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। इसके अलावा, 9,567 किसानों को फसल बीमा योजना के तहत लाभ दिया गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह, ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वाई.के. राय, डीडीओ सपना अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा, उप निदेशक कृषि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जीएम डीआईसी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, लाभार्थी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Back to top button