चंदौली। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मजनू” के तहत धीना पुलिस ने नववर्ष के अवसर पर महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई मिशन शक्ति अभियान (फेज-05) के अंतर्गत की गई। इसका उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव के नेतृत्व में थाना धीना की एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान, चिलबिली निवासी राजा (19), पुत्र महेंद्र राम, महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ थाना धीना में मु0अ0सं0 01/2025 धारा 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सतर्क है। जिले में किसी भी प्रकार की अश्लीलता और दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के तहत और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव, कांस्टेबल अनूप यादव, अंकित वर्मा, महिला कांस्टेबल प्रतिभा और रानी सिंह शामिल रहीं।