ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में बागवानी और कृषि योजनाओं को मिलेगी रफ्तार, मीटिंग में तय किए गए लक्ष्य

ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई, मखाना विकास और आलू किसानों को उचित मूल्य दिलाने पर जोर

चंदौली। जिले में कृषि और औद्यानिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित भौतिक और वित्तीय लक्ष्यों को मंजूरी दी गई।

 

बैठक में एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पर ड्रॉप मोर क्रॉप) और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) समेत अन्य योजनाओं पर चर्चा हुई।

 

सिंचाई और मखाना विकास को मिलेगा बढ़ावा

बैठक की शुरुआत में विभागीय अधिकारियों ने पिछले वित्तीय वर्ष में संचालित योजनाओं के तहत कराए गए कार्यों और वित्तीय प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों का अनुमोदन किया गया।

 

जिलाधिकारी ने ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा देने के लिए पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में मखाना विकास योजना और उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। इन योजनाओं के माध्यम से स्थानीय किसानों को लाभ पहुंचाने और उनकी आय बढ़ाने पर चर्चा की गई।

 

आलू किसानों को उचित मूल्य दिलाने पर जोर

आलू उत्पादक किसानों को उनकी उपज का लागत के सापेक्ष उचित मूल्य दिलाने और बाजार के उतार-चढ़ाव से सुरक्षा प्रदान करने के लिए भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना 2026-27 की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को इसका लाभ दिलाया जाए।

खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को जल्द मिलेगी स्वीकृति

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयों के प्रस्तावों को जल्द स्वीकृत कर लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक मद से वाहन व्यवस्था करने और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।

 

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने में तेजी लाई जाए, ताकि कृषि और उद्यान क्षेत्र में विकास को गति मिल सके। बैठक में जिला उद्यान अधिकारी शैलेन्द्र दुबे, उप निदेशक कृषि भीमसेन, उद्योग विभाग के अधिकारी, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!