ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सैयदराजा के अभिषेक सिंह पर जिला बदर की कार्रवाई, पांच मुकदमे दर्ज, डीएम व एसपी ने की कार्रवाई

चंदौली। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने सैयदराजा क्षेत्र के एक आदतन अपराधी के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम-1970 की धारा 3(1) के तहत यह कार्रवाई की गई है।

 

पुलिस के अनुसार, विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपितों पर प्रभावी अंकुश लगाने और जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। जिला बदर किए गए अभियुक्त पर पुलिस निगरानी बनाए हुए है।

 

सैयदराजा क्षेत्र का निवासी है अभियुक्त

जिला बदर किए गए अभियुक्त की पहचान अभिषेक सिंह उर्फ गोलू (27) पुत्र रमेश सिंह के रूप में हुई है। वह मैढ़ी गांव, चौकी धरौली, थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली का निवासी है।

 

पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, अभिषेक सिंह के विरुद्ध सैयदराजा थाने में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 का मारपीट और गाली-गलौज से संबंधित मामला, वर्ष 2022 में दर्ज मुकदमा तथा वर्ष 2023 में मारपीट और एससी-एसटी अधिनियम से संबंधित मामला शामिल है।

 

इसके अलावा वर्ष 2024 में भी उसके विरुद्ध दो मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें एक मामला बीएनएस की धारा 351(2) और दूसरा धारा 115(2) तथा एससी-एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(वीए) से संबंधित है। पुलिस के मुताबिक, जनपद में सक्रिय अपराधियों और अराजक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिला बदर किए गए अभियुक्त की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

 

Back to top button
error: Content is protected !!