ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चकिया थाने के गेट के सामने पूर्व सैनिक से मारपीट, 10-15 लोगों पर आरोप, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

चंदौली। चकिया थाने के मुख्य गेट के सामने पूर्व सैनिक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित असलम निवासी करवदिया, पोस्ट शिकारगंज ने 10-15 लोगों पर घेरकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि हमले में उनकी उंगली में फ्रैक्चर हुआ और आंख में चोट आई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

असलम के अनुसार, 15 सितंबर को करवदिया गांव में उनके चचेरे भाई का दूधनाथ यादव पक्ष से विवाद हुआ था। सूचना पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने लाई थी। असलम अपने परिजन से मिलने और विवाद की जानकारी लेने चकिया थाने पहुंचे थे।

 

आरोप है कि थाने से बाहर निकलते समय दूधनाथ यादव, बलवंत यादव, कन्हैया यादव समेत अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनका चश्मा टूट गया और बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट आई। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

 

थाने के अंदर भागकर बचाई जान

पीड़ित का कहना है कि हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वह बचने के लिए थाना परिसर की ओर भागे। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना मुख्य गेट के सामने होने के बावजूद तत्काल प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया। असलम के मुताबिक, उन्होंने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल को भी फोन पर शिकायत की थी।

 

FIR दर्ज, विवेचना शुरू

चकिया थाने में मुकदमा संख्या 0238/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 351(2), 352 और 324(4) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विवेचना उपनिरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई है। पीड़ित ने आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले में पुलिस का विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!