
चंदौली। मुगलसराय पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट डस्टर कार से 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
मुगलसराय थाना प्रभारी के नेतृत्व में थाना मुगलसराय पुलिस, औद्योगिक नगर चौकी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम सोमवार को पटनवा तिराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जापुर की ओर से एक काले रंग की रेनाल्ट डस्टर कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर वाराणसी की ओर जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया और चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
सीओ की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे दो प्लास्टिक के बोरों से कुल 24 बंडलों में पैक 24.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन के दस्तावेजों और नंबर प्लेट की जांच की। ई-चालान ऐप और चेसिस नंबर के माध्यम से सत्यापन करने पर पता चला कि कार पर लगी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट किसी अन्य वाहन की थी, जबकि वाहन का वास्तविक पंजीकरण अलग था। पुलिस के अनुसार तस्कर ने पहचान छिपाने और गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम उमाकान्त उर्फ हिमांशु पुत्र गोपाल प्रसाद चन्द्रवंशी, निवासी बंधन टोला आरा, थाना नवादा, जनपद भोजपुर (बिहार) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह मिर्जापुर की ओर से गांजा लाकर वाराणसी तथा आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था ताकि अधिक आर्थिक लाभ अर्जित कर सके।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुगलसराय में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पूछताछ के आधार पर इस अवैध तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

