
चंदौली। कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पंडित कमला पति त्रिपाठी पार्क में एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।
कलेक्ट्रेट परिसर के पास पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पुलिस ने पुतला छीनकर आग बुझाने का प्रयास किया, जिसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुतला छीनने के प्रयास के दौरान कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय समेत तीन पुलिसकर्मी आग की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिसकर्मियों को तत्काल आग से दूर किया गया।
प्रदर्शन के दौरान सपा और कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए। नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच कई तरह की आशंकाएं हैं। उन्होंने कथित वोट चोरी के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सपा नेताओं ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कथित वोट चोरी की जांच, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
प्रदर्शन में सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव, पूर्व सांसद रामकिशुन, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लु, पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव, नगर अध्यक्ष सुनील यादव गुड्डू, कांग्रेस महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना, योगेश यादव, चकरु, जमील अहमद, परवेज अहमद जोखू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

