
चंदौली। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से 925 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब की कुल मात्रा 8222.8 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.31 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार के पर्यवेक्षण में थाना मुगलसराय, स्वाट और सर्विलांस टीम को तस्करी की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर 23 जून को मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
चेकिंग के दौरान वाराणसी की ओर से आ रहे ट्रक संख्या JK02BP1812 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में लदी आलू की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की 925 पेटियां बरामद हुईं। जांच में पाया गया कि सभी शराब की बोतलों पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह शराब केवल पंजाब में बिक्री के लिए अधिकृत थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जम्मू क्षेत्र के बक्सीनगर निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद जबीर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह ट्रक चालक है और शराब की खेप पंजाब से बिहार पहुंचाने के लिए उसे दी गई थी। शराब को आलू की बोरियों के बीच इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में किसी को संदेह न हो। बिहार पहुंचने के बाद उसे निर्धारित स्थान पर खेप उतारनी थी, जिसके बदले उसे किराए के अलावा अतिरिक्त धनराशि भी मिलने वाली थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुगलसराय में धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को झटका लगा है।

