ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: STF और पुलिस की बड़ी कामयाबी, 501 किलो गांजा पकड़ा, ओडिशा से पूर्वांचल लाई जा रही थी खेप

चंदौली। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 501.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के रोहतास जनपद के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मुगलसराय पुलिस और एसटीएफ वाराणसी को सूचना मिली कि एक ट्रक के माध्यम से बड़ी मात्रा में गांजा पूर्वांचल लाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर 23 जून को पराग डेयरी के पास कटरिया अंडरपास क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान टाटा अल्ट्रा ट्रक संख्या BR24GD8352 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में ट्रक में लोहे के एंगल और मसालों का सामान लदा मिला, लेकिन गहन तलाशी के दौरान सामान के बीच छिपाकर रखी गई 20 बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराने पर इसकी मात्रा 501.380 किलोग्राम पाई गई।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र स्थित नूरगंज निवासी सुरेंद्र सिंह यादव और राजकुमार यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बौध जिले से खरीदकर ट्रकों में वैध माल के बीच छिपाकर बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों तक पहुंचाया जाता था। इसके बाद वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था।

 

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले भी कई बार इसी तरह गांजे की खेप पहुंचा चुके हैं। पुलिस का मानना है कि इस तस्करी नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। गिरफ्तार तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मुगलसराय में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामदगी में एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!