
चंदौली। जनपद में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एनएच-2 हाईवे पर कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से बिहार ले जाया जा रहा करीब 2000 लीटर अवैध डीजल बरामद किया है। इस दौरान दो शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 87 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देशन में शराब, गौ तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को थाना सैयदराजा पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध डीजल लेकर बिहार की ओर जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-2 हाईवे स्थित ग्राम बगही कुम्भापुर के पास घेराबंदी कर बोलेरो वाहन संख्या यूपी 75 बीटी 7546 को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन से करीब 2000 लीटर डीजल बरामद हुआ। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आरआर फ्यूल गोधना स्थित पेट्रोल पंप से डीजल लेकर बिहार के चैनपुर, भभुआ स्थित मेसर्स साकिर कंस्ट्रक्शन कंपनी, चांदपुर पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि डीजल का परिवहन वैध दस्तावेजों के बिना क्यों किया जा रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नावेद पुत्र मैनुद्दीन निवासी बीजोपुर थाना सिकरौना, जनपद फरीदाबाद (हरियाणा) तथा मोईन पुत्र सुबेद्दीन निवासी बन्दापुर थाना चौपानकी, जनपद अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में अशोक कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन मोहम्मद हुमायु, कांस्टेबल शंकर प्रसाद और चालक हेड कांस्टेबल विरेश कुमार शामिल रहे।

