
चंदौली। जिले में व्यापारियों की सुरक्षा, समस्याओं और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर गंभीरता दिखाई है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में व्यापारी बंधुओं, उद्यमियों और सर्राफा व्यवसायियों के साथ मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनन्त चन्द्रशेखर ने की।
मीटिंग में व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बाजारों में बढ़ती गतिविधियों, शिकायतों और अन्य समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग किसी भी समय अपनी समस्या या शिकायत पुलिस तक पहुंचा सकता है, जिसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
बैठक में “ऑपरेशन त्रिनेत्र” अभियान को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपने दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। साथ ही पुराने कैमरों को सही कराने, कैमरों की दिशा व्यवस्थित रखने और उन्हें हर समय चालू स्थिति में रखने पर जोर दिया गया। उनका कहना था कि सीसीटीवी कैमरे अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी और गश्त बढ़ा रही है। व्यापारी वर्ग की सक्रिय भागीदारी से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट चंदौली, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), राज्यकर विभाग के अधिकारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। गोष्ठी के दौरान व्यापारियों और प्रशासन के बीच आपसी समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

