ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, ‘संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ के लगाए नारे

चंदौली। मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारों के साथ जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर लोगों से संवाद किया और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की।

 

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर लोगों में नाराजगी है। आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और चुनाव में उसे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनादेश और लोकतंत्र की कथित हत्या नहीं होने देंगे।

 

जिला उपाध्यक्ष दयाराम पटेल ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री और विधायक जनता की समस्याओं के बजाय अपने हित साधने में जुटे हैं। उनका आरोप था कि देश की सरकार कुछ उद्योगपतियों के प्रभाव में काम कर रही है और गरीब तथा आम जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने वोटों के ध्रुवीकरण के लिए एक विशेष वर्ग को निशाना बनाए जाने का भी आरोप लगाया।

 

जुलूस में अल्पसंख्यक कांग्रेस के उपाध्यक्ष शाहिद तौसीफ, इमरान आलम, संजय जायसवाल, साबिर राईन, तौहीद आलम, खुर्शीद जालम, देवेश महाराज, रमेश पांडे, गुलाम रसूल, इश्तियाक अहमद और खालिद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन तारिक अब्बास ने किया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!