
चंदौली। देश में जहां 5G नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है, वहीं चंदौली जिले के चकिया तहसील क्षेत्र का मूसाखांड इलाका पिछले छह महीने से मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहा है। जियो, एयरटेल और बीएसएनएल की नेटवर्क सेवाएं प्रभावित होने से ग्रामीणों को कॉल करने से लेकर इंटरनेट इस्तेमाल करने तक में परेशानी हो रही है। समस्या से नाराज दर्जनों युवाओं और छात्रों ने रविवार को मलहर स्थित मोबाइल टावर पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने मोबाइल कंपनियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
ऑनलाइन पढ़ाई प्रभावित
स्थानीय युवाओं के मुताबिक मूसाखांड, भलुईदाई, मुबारकपुर, मगही समेत आसपास के दर्जनों गांवों में करीब छह महीने से नेटवर्क की स्थिति खराब है। कई स्थानों पर मोबाइल कॉल ठीक से नहीं लगती और इंटरनेट की स्पीड भी बेहद कम रहती है।
इसका सबसे अधिक असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। छात्रों ने बताया कि महंगे 5G रिचार्ज कराने के बावजूद इंटरनेट की गति कई बार 2G जैसी रहती है। ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होने, अध्ययन सामग्री और नोट्स डाउनलोड करने में परेशानी होती है। नेटवर्क के अभाव में कई छात्रों को पढ़ाई के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर चकिया कस्बे की लाइब्रेरी तक जाना पड़ता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं।
ऑनलाइन भुगतान से लेकर आपात सेवा तक प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि नेटवर्क की समस्या का असर सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है। मोबाइल नेटवर्क बाधित होने से ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रिया में भी दिक्कत आती है। किसानों को सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं से संबंधित काम कराने में परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस या अन्य जरूरी सेवाओं से संपर्क करना भी मुश्किल हो जाता है।
एक सप्ताह में सुधार नहीं तो तहसील पर प्रदर्शन
आक्रोशित युवाओं ने जियो, एयरटेल और बीएसएनएल के अधिकारियों के साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से मलहर स्थित टावर की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर नेटवर्क सेवा में सुधार नहीं हुआ तो सैकड़ों युवा चकिया तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में सुजीत कुमार यादव, विपिन यादव, अजय, गोलू, नागेंद्र, होशिला, चुनमुन समेत दर्जनों युवा शामिल रहे।

