ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बांस-बल्ली लगाकर सार्वजनिक रास्ता बंद करने का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के नादी निधौरा गांव में सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध किए जाने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को सकलडीहा एसडीएम आकांक्षा सिंह से मुलाकात कर प्रार्थना पत्र सौंपा और मामले की जांच कराकर रास्ता खुलवाने की मांग की।

 

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के सामने मां गंगा के तट तक आने-जाने के लिए वर्षों पुराना सार्वजनिक रास्ता है। इसी रास्ते से ग्रामीण गंगा स्नान के लिए जाते हैं। इसके अलावा शवों के अंतिम संस्कार के लिए भी लोगों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। आरोप है कि करीब एक सप्ताह पूर्व गांव के ही एक व्यक्ति ने रास्ते पर बांस-बल्ली और कांटा लगाकर उसे अवरुद्ध कर दिया।

 

रास्ता बंद होने के बाद ग्रामीणों को गंगा तट तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, जब उन्होंने संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध न करने और आवागमन के लिए रास्ता खोलने को कहा तो वह कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा तथा मारपीट पर उतारू हो गया। इससे ग्रामीणों में विवाद बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।

 

ग्रामीण नागेश्वर यादव, मुरारी यादव, राकेश यादव, बबलू यादव, गुलशन, अदालत यादव, जयद्रथ, प्रमोद यादव, हंसराज यादव, मुंशी और रामसकल यादव समेत अन्य लोगों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

 

Back to top button
error: Content is protected !!