
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव में बुधवार शाम गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। हादसे में अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई और खाने-पीने की वस्तुओं समेत अन्य जरूरी सामान नष्ट हो गया। मकान निर्माण के लिए ठेकेदार को देने के वास्ते घर में रखे दो लाख रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
खाना बनाते समय हुआ हादसा
पिपरी गांव निवासी शिवकुमार पाण्डेय के घर में बुधवार शाम खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव होने के बाद आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और घर में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। परिवार के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती चली गई। इसके बाद ग्रामीण मदद के लिए जुटे और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
मकान निर्माण के लिए रखे थे दो लाख रुपये
इस घटना में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घर में रखे अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई और रोजमर्रा की जरूरत का सामान जल गया। इसके अलावा मकान निर्माण के लिए ठेकेदार को भुगतान करने के वास्ते रखे गए दो लाख रुपये नकद भी जलकर नष्ट हो गए। घर में रखे जेवरात और अन्य जरूरी सामान भी आग की चपेट में आने से जलकर नष्ट हो गया।
मदद के लिए अधिकारियों से लगाई गुहार
घटना के बाद शिवकुमार पाण्डेय के परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने और रहने की व्यवस्था करने का संकट खड़ा हो गया है। गृहस्थी का सामान और नकदी नष्ट होने से परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घटना से दुखी ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि संकट की इस घड़ी में परिवार को प्रशासन की ओर से मदद मिलनी चाहिए, ताकि वह दोबारा अपनी जिंदगी को पटरी पर ला सके।

